बिना सब्सिडी वाला रसोई गैस सिलेंडर 82.5 रुपये सस्ता
नई दिल्ली-
सरकारी तेल कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडर को सस्ता करने का एलान किया है। पेट्रोल और डीजल के दाम भी घटाए हैं।
तीनों सरकारी कंपनियों-इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर से बगैर सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 82.50 रुपये की कमी की गई है। इसके चलते दिल्ली में इसकी कीमत अब 575 रुपये हो गई है। यह कमी लगातार तीन बढ़ोतरी के बाद हुई है। इससे पहले कंपनियों ने ऐसे सिलेंडर के दाम एक जनवरी को 49.50 रुपये बढ़ाए थे। एक दिसंबर को 61.50 रुपये और एक नवंबर को 27.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
इसी तरह पेट्रोल में चार पैसे प्रति लीटर और डीजल में तीन पैसे की मामूली कमी की गई है। पेट्रोल में यह कटौती 1.04 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 1.53 रुपये होनी चाहिए थी, लेकिन बीते शनिवार को दोनों ईधनों पर उत्पाद शुल्क बढ़ाकर सरकार ने इस लाभ को ग्राहकों तक पहुंचने नहीं दिया। उसने पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में एक रुपये प्रति लीटर और डीजल पर डेढ़ रुपये का इजाफा किया था।
Post a Comment