मुजफ्फरनगर एसएसपी के घेराव का फ़ास्ट रिएक्शन, कुकर्मियों का हिसाब करने को एस पी क्राइम को किया नियुक्त।
मुजफ्फरनगर-
शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में स्कूली बच्चे के साथ हुई कुकर्म की घटना को लेकर लोगों का गुस्सा आज फूट पडा। मीडिया सेंटर के आह्वान पर आज विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक तथा किसान संगठनों से जुडे हजारों लोगों ने शहर में विशाल जुलूस निकालने के साथ ही एसएसपी कार्यालय का घेराव किया। लोगों का रोष देखते हुए एसएसपी ने सीओ सिटी तथा शहर कोतवाल को हटाने की घोषणा करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का का आश्वासन दिया।
शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पूर्व सभासद नवीन बंसल द्वारा एक बच्चे के साथ अप्राकृतिक कुकर्म करने के मामले में पिछले कई दिनों से लोगों के दिलों में धधक रहा आक्रोश आज फूट पडा। शनिवार को इस मामले में कुकर्मी सभासद के परिजनों द्वारा किए गए प्रदर्शन ने आग में घी का काम किया। आज मीडिया सेंटर पर भारतीय किसान यूनियन, पैगाम ए इन्सानियत, राष्ट्रीय लोकदल, शिवसेना सहित विभिन्न राजनीतिक दलों तथा सामाजिक संगठनों के लोग हजारों की संख्या में एकत्र हुए। बाद में यह जनसैलाब शहर की सडकों पर जुलूस निकालते हुए कचहरी स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचा। लोगों के भारी हुजूम ने एसएसपी कार्यालय का घेराव किया। वरिष्ठ सम्पादक अनिल रायल ने इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए रोष जताया। बाद में प्रदर्शनकारियों की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा अन्य अधिकारियों के साथ वार्ता हुई, जिसमेंएसएसपी ने इस मामले में जांच पूरी होने तक सीओ सिटी तथा शहर कोतवाल को हटाने की घोषणा की। साथ ही दोनों अधिकारियों के खिलाफ अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोपों की जांच पुलिस अधीक्षक अपराध राकेश कुमार जौली को सौंप दी। कुकर्मी सभासद के समर्थन में उसके परिजनों द्वारा किए गए प्रदर्शन तथा एक अखबार की प्रतियां जलाने के मामले में भी पुलिस कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
वरिष्ठ पत्रकार अनिल रायल ने एसएसपी द्वारा दिए गए आश्वासन पर सहमति जताने के साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि पुलिस ने इस प्रकरण में अपने वायदे के अनुरुप निष्पक्ष कार्रवाई न की तो सर्वसमाज को फिर से आंदोलन के लिये बाध्य होना पडेगा। इस दौरान मीडिया सेंटर से जुडे सभी पत्रकारों के साथ ही भाकियू नेता चन्द्रपाल फौजी, धर्मेन्द्र मलिक, रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, शिवसेना जिलाध्यक्ष नरेन्द्र पंवार, मनोज सैनी, पूर्व प्राचार्य उदयवीर सिंह आदि सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
अन्याय के खिलाफ जंग ने जमाया सौहार्द का रंग
मुजफ्फरनगर दंगों के बाद भले ही जनपद का आपसी सौहार्द बिगडा हो, लेकिन अन्याय के खिलाफ सर्वसमाज एक है, यह आज एसएसपी कार्यालय पर हुए मीडिया सेंटर के जबरदस्त प्रदर्शन ने जता दिया। स्कूली बच्चे के साथ कुकर्म करने के आरोपी के खिलाफ वरिष्ठ पत्रकार अनिल रॉयल की जंग को मीडियाकर्मियों का तो भरपूर साथ मिला ही, सभी वर्गों और धर्मों के लोगों की दमदार उपस्थिति ने भी यह अहसास दिला दिया कि अन्याय के खिलाफ जंगी की मुजफ्फरनगर के जनमानस की प्रवृति अभी बदली नहीं हैं। प्रदर्शन के दौरान हर-हर महादेव के नारे गूंजे तो अल्लाह-हू-अकबर की गूंज भी सुनाई दी। सिख समाज के लोग भी बडी संख्या में प्रदर्शन में शामिल रहे।
Post a Comment