आगरा में समाजवादी पार्टी का घोषित प्रत्याशी भाजपा में शामिल,सपा में मची खलवलि
लखनऊ-
ताजनगरी आगरा में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी को आज तगड़ा झटका लगा है। यहां पर पार्टी की एक घोषित प्रत्याशी ने आज भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
आगरा में आगरा ग्रामीण क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी हेमलता दिवाकर ने आज पार्टी छोड़ दी। ग्रामीण क्षेत्र से घोषित प्रत्याशी हेमलता ने दल ही बदल लिया है। हेमलता दिवाकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं। अभी परसों ही लखनऊ में आगरा से भारतीय जनता पार्टी की जुझारू नेता कुंदनिका शर्मा समाजवादी पार्टी में शामिल हुई थीं। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने हेमलता को भाजपा में शामिल कराया है। कल केशव मथुरा के दौरे पर थे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया और पार्टी के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। इस सारे खेल को बहुत ही गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया। पिछले दिनों बीजेपी की फायर ब्रांड नेत्री कुंदनिका शर्मा ने सपा ज्वाइन किया था। आज बीजेपी ने हेमलता को सपा से तोड़कर अपना बदला पूरा कर लिया।
इस मौके पर केशव मौर्या ने कहा समाजवादी पार्टी से टिकट मिलने के बावजूद हेमलता दिवाकर का भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना, दर्शाता है कि सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी की नैया डूबने वाली है। भारतीय जनता पार्टी 2017 में 265 से ज्यादा सीट जीतेगी और इसमें हेमलता दिवाकर भी भागीदार होंगी।
हेमलता दिवाकर ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद कहा कि पिछला चुनाव भी वे पार्टी में गुटबाजी की वजह से हारी थीं। पिछले चार वर्ष से समाजवादी पार्टी में घुटन महसूस कर रही थी। पार्टी की आपसी गुटबाजी व मतभेद के कारण भविष्य सुरक्षित नहीं होने से उन्होंने पार्टी छोड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा में भविष्य सुरक्षित, टिकट मिले या नहीं पार्टी की कार्यकर्ता बनकर काम करुंगी। इस बार पार्टी में गुटबाजी चरम पर है। उन्हें डर है कि इस बार भी सपा से वे नहीं जीत पाएंगी इसी कारण भाजपा में शामिल हो गई हैं। हेमलता दिवाकर को 26 मार्च को ही समाजवादी पार्टी की पहली सूची में 142 प्रत्याशियों में आगरा ग्रामीण क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किया गया था। पिछले विधानसभा चुनाव में भी वह दूसरे स्थान पर रही थीं। हेमलता को 51,215 वोट मिले थे जबकि विजेता बहुजन समाज पार्टी के कालीचरन सुमन को 69,969 वोट मिले थे।
Post a Comment