यूपी चुनावों से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर को दी एम्स और खाद कारखाने की सौगात
गोरखपुर- यूपी चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर को एम्स और खाद कारखाने का सौगात दी है। उन्होंने गोरखपुरवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां 26 साल बाद कारखाना फिर शुरू होगा तो इसका श्रेय आप सबको जाता है। आपने मुझे यूपी से चुनकर नहीं भेजा होता और एक तरफ से बीजेपी के नेताओं को न जिताया होता तो अभी भी यह कारखाना बंद पड़ा होता। आप लोगों ने काम करने वाली सरकार बनाई है इसलिए यह काम हो रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि अगर भारत का विकास करना है तो दो पहियों पर विकास करना होगा। एक पहिया पश्चिमी भारत का और दूसरा पूर्वी भारत का पहिया। दोनों पहियों को मजबूत करना होगा तभी विकास होगा। एक भी कमजोर रहा तो विकास नहीं हो पाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वी भारत का पहिया मजबूत हो, इसमें पूरी ताकत लगा रहा हूं। अगर पूर्वी भारत को आगे लाना है तो क्रांतिकारी रूप से आगे बढ़ना पड़ेगा। पूर्वी भारत में ही सबसे पहले दूसरी हरित क्रांति की जरूरत है। दिल्ली में बैठी सरकार विदेशों से उर्वरक खाद मंगवाती थी। यहां की जरूरतें पूरी नहीं हो रही थी। यहां के कारखाने बंद थे।
पीएम मोदी ने कहा कि पूर्वी भारत के किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। पश्चिमी यूपी में चीनी के कारखाने बंद हो रहे हैं। हम उन्हें भी चालू करेंगे।
Post a Comment