सर्विलांस से हो रही है दयाशंकर की खोज, पूर्वांचल में होने की आशंका
लखनऊ-
बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने वाले भाजपा से बर्खास्त नेता दयाशंकर सिंह की खोज जोरों से जारी है। पुलिस अब सर्विलांस की मदद से दयाशंकर सिंह को खोज रही है, दयाशंकर सिंह की लोकेशन पूर्वांचल में मिली है। पुलिस ने बलिया में घर को भी खंगाला, लेकिन दयाशंकर सिंह वहीं नहीं मिला।
मायावती के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने वाले भाजपा से छह वर्ष के लिए बर्खास्त नेता दयाशंकर सिंह के खिलाफ कल रात लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया था। कल रात से ही पुलिस दयाशंकर की खोज कर रही है। बसपा सुप्रीमो मायावती पर अभद्र टिप्पणी करने वाले भाजपा नेता दयाशंकर सिंह के बलिया में हरिपुर स्थित आवास पर पुलिस ने सुबह गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की। एसपी मनोज कुमार झा ने बताया कि पुलिस टीम के वहां पहुंचने से पूर्व ही वे निकल गए थे। उनके अन्य ठिकाने का भी पता लगाया जा रहा है।
आज उसकी लोकेशन पूर्वांचल में मिली है। इसी आधार पर पुलिस ने बलिया में दयाशंकर सिंह के घर पर छापा मारा, लेकिन दयाशंकर वहीं नहीं मिला। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने आज लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान कहा कि हमने दयाशंकर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। इसके आधार पर दयाशंकर सिंह की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए।
Post a Comment