उत्तराखंड: 11 जिलों के जंगल में भीषण आग, 6,000 कर्मचारी राहत बचाव में जुटे
रानीखेत-
उत्तराखंड के जंगलों में भीषण आग लगी है. राज्य के 11 जिले भीषण आग की चपेट में हैं. देहरादून से करीब 350 किलोमीटर दूर रानीखेत से तीन किलोमीटर पहले तक आग पहुंच चुकी है और बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले रही है.
वन विभाग के कर्मचारी आग पर काबू पाने में जुटे हैं. आग के बीच केंद्र ने राज्य सरकार को आश्वस्त किया कि वह आग बुझाने के लिए राज्य सरकार को और इससे प्रभावित हुए लोगों को सभी सहायता मुहैया कराएगी.
आग बुझाने के लिए सेना के बेलिकॉप्टर की मदद भी ली जा रही है. केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य के जंगलों में लगी आग की घटनाओं के बाबत उत्तराखंड के राज्यपाल के के पॉल से बात की और हालात की समीक्षा की.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि फोन पर हुई बातचीत के दौरान सिंह ने राज्यपाल को आश्वस्त किया कि जंगलों में लगी आग पर काबू पाने और नुकसान की भरपाई में केंद्र राज्य सरकार को पूरी मदद मुहैया कराएगा.
गृह मंत्रालय पहले ही आग पर काबू पाने में राज्य प्रशासन की मदद के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें भेज चुका है. उत्तराखंड में अभी राष्ट्रपति शासन लागू है और राज्यपाल राज्य प्रशासन की कमान संभाल रहे हैं.
उत्तराखंड के जंगलों में लगी भीषण आग के बाद एनडीआरएफ की तीन टीमें भजी गईं जिन्हें अल्मोड़ा, गौचर और पौड़ी में तैनात किया गया है. एसडीआरएफ की एक टीम नैनीताल में तैनात है!
Post a Comment